उज्जैन. करीब 10 करोड़ रुपए से बना नगर निगम के स्मार्ट स्वीमिंगपूल को कुछ लोगों ने हुक्का पीने का अड्डा बना लिया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें तैराकी के लिए आने वाले लोगों के सामने ही कुछ युवक खुलेआम हुक्के के कश खींचते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद महापौर मुकेश टटवाल ने निगम की ओर से ठेकेदार कंपनी को नोटिस जारी किया करने के निर्देश दिए हैं।
नजरअली मिल आगररोड कम्पाउंड स्थित स्वीमिंगपूल संचालन के लिए नगर निगम ने हरियाणा की कंपनी रामाकृष्णा इंटरप्राइजेस को ठेका दिया है। हाल ही में शहरवासियों के लिए स्वीमिंगपूल खोला गया था लेकिन वायरल वीडियो ने सरकारी संपत्ति के उपयोग और निगम की नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो शनिवार शाम का बताया जा रहा है। वीडियो में तीन लोग जमीन पर बैठे हैं और उनमें से एक हुक्का पी रहा है। बताया जा रहा है कि यह ठेकेदार कंपनी के कर्मचारी हैं। जब वीडियो बनाया जा रहा था तब इनमें से एक व्यक्ति यह देखते हुए निकला लेकिन इसके बाद भी किसी को खुलेआम हुक्का पीने पर संकोच नहीं हुआ। वीडियो बनाने वाले ने काउंटर पर बैठे व्यक्ति से उसका नाम पूछा तो उसने अपना साहिल बताया।
कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश
वीडियो वायर होने के बाद महापौर मुकेश टटवाल संबंधित अधिकारियों के साथ स्वीमिंग पूल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया, जब कर्मचारियों से हुक्का पीने के संबंध में पूछा गया तो उनके लिए यह सामान्य घटना थी। टटवाल ने नाराजगी जताते हुए कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। महापौर के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधि की ओर से उक्त कर्मचारियों को हटाने की बात भी कही है। स्वीमिंग पूल प्रभारी निगम इंजीनियर आदित्य शर्मा ने बताया, वीडियो में दिखाई दे रहे लोग, ठेकेदार कंपनी के कर्मचारी हैं। वरिष्ठ के निर्देशानुसार कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बनाया हुक्काबार
नगर निगम के स्वीमिंग पूल में कई लोग बच्चे व अन्य परिजन के साथ पहुंचते हैं वीडियो में जो दृश्य नजर आ रहा है, वह किसी भी तरह परिवार के साथ जाने लायक माहौल का नहीं लग रहा है। वीडियो में स्वीमिंगपूल आए बच्चों की आवाज भी सुनाई दे रही है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि ठेका लेने के बाद क्या सरकारी संपत्ति का ऐसे अशोभनीय तरीके से उपयोग करने की आजादी भी मिल जाती है? ऐसे सार्वजनिक स्थान की गरीमा बनाए रखना इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इसका उपयोग करने के लिए यूजर्स एक महीने के करीब 2500 रुपए शुल्क चुका रहे हैं।
Ujjain Nagar Nigam: कर्मचारियों ने स्विमिंग पूल को बनाया हुक्का बार
उज्जैनवाणी खबर आपकी